August 29, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

Assam Flood: असम में बाढ़ से भारी तबाही, 100 लोगों की मौत; दिल्ली से यूपी-बिहार तक बारिश का अलर्ट

Assam Flood

Assam Flood

Assam Flood: असम में लगातार जारी बाढ़ ने भारी तबाही मचा रखी है। राज्य के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं और अब तक 100 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को जारी डिजास्टर रिपोर्टिंग एंड इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम, असम की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में 60 पुरुष, 23 महिलाएं और 18 बच्चे शामिल हैं। बच्चों में 12 लड़के और 6 लड़कियां हैं। बाढ़ के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित है और बड़ी संख्या में लोग मुश्किल हालात का सामना कर रहे हैं।

सिवसागर में मौतों का आंकड़ा 50 से घटकर 49

प्रशासन ने सिवसागर जिले में बाढ़ से हुई मौतों के आंकड़े में संशोधन किया है। पहले जिले में 50 मौतें दर्ज की गई थीं, लेकिन जांच में सामने आया कि एक ही व्यक्ति की मौत का नाम गलती से दो बार दर्ज हो गया था। इसके बाद प्रशासन ने आंकड़े को संशोधित करते हुए सिवसागर में मौतों की संख्या 49 कर दी है। असम में बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में सिवसागर और कछार शामिल हैं। कछार में अब तक 22 लोगों की मौत हुई है।

कछार-सिवसागर के अलावा इन जिलों में भी मौतें

बाढ़ के कारण करीमगंज में नौ और गोलाघाट में आठ लोगों की जान गई है। इसके अलावा धेमाजी, नगांव, उदालगुड़ी, सोनितपुर और कार्बी आंगलोंग में भी बाढ़ से मौतें दर्ज की गई हैं। लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, बाढ़ की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

दिल्ली में यमुना का बढ़ा जलस्तर, बाढ़ का खतरा

दिल्ली में भी लगातार बारिश के बाद यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बना हुआ है। हालांकि, हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर अब घटने लगा है। फ्लड एंड इरिगेशन विभाग नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है। राजधानी में आंधी और बारिश को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश के कारण गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। शाहजहांपुर के मिर्जापुर इलाके के कई गांवों में गंगा का पानी घुस गया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बहराइच, लखनऊ, कानपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार के गया, चंपारण, रोहतास, नवादा, मुंगेर, नालंदा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, सहरसा और सुपौल समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.