August 30, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

Saharanpur Kanwar Yatra: 2.70 लाख के नोटों से सजी कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र, सुरक्षा में चल रही यूपी पुलिस

Saharanpur Kanwar Yatra

Saharanpur Kanwar Yatra

Saharanpur Kanwar Yatra: सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान सहारनपुर में एक अनोखी कां वड़ श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस कांवड़ को 500, 200, 100 और 50 रुपये के असली नोटों से सजाया गया है। जानकारी के मुताबिक, एक कांवड़ पर करीब 2 लाख 70 हजार रुपये और दूसरी कांवड़ पर 51 हजार रुपये के नोट लगाए गए हैं। नोटों से सजी इस कांवड़ को देखने के लिए रास्ते में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग जुट रहे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान यह अनोखा दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवड़िए

सावन में भगवान शिव के भक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होते हैं। सहारनपुर ऐसा महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां से हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजरते हैं। इसी यात्रा के दौरान नोटों से सजी कांवड़ लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। कांवड़ को बेहद आकर्षक तरीके से सजाया गया है और इसके साथ चल रहे श्रद्धालु इसे सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंचाने में जुटे हैं। इस कांवड़ को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ भी नजर आ रही है।

नोटों वाली कांवड़ की सुरक्षा में तैनात यूपी पुलिस

इस कांवड़ की खासियत सिर्फ इसकी सजावट ही नहीं, बल्कि इसकी सुरक्षा व्यवस्था भी है। उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के बाद कांवड़ की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। जिस-जिस थाना क्षेत्र से यह कांवड़ गुजर रही है, वहां की पुलिस उसके साथ चल रही है। लाखों रुपये के असली नोट लगे होने के कारण सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बताया गया कि पहली बार इस तरह की नोटों से सजी कांवड़ को पुलिस सुरक्षा मिल रही है, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

हर साल बढ़ती जा रही नोटों की संख्या

कांवड़ से जुड़े शिव भक्त मोनू के मुताबिक, वह पिछले कई वर्षों से नोटों से सजी कांवड़ बनाकर हरिद्वार जाते हैं और वहां से पैदल यात्रा करते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि हर साल कांवड़ पर लगाए जाने वाले नोटों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुरुआत में करीब 1 लाख रुपये के नोट लगाए गए थे। इसके बाद यह रकम डेढ़ लाख, फिर ढाई लाख रुपये तक पहुंची और इस बार कांवड़ पर करीब 2.70 लाख रुपये लगाए गए हैं। मोनू का कहना है कि अगले साल कांवड़ पर करीब 5 लाख रुपये के नोट लगाने की योजना है।

यूपी पुलिस की व्यवस्था से खुश, उत्तराखंड पुलिस पर उठाए सवाल

मोनू ने बताया कि भगवान शिव से उन्होंने जो मांगा, वह उन्हें मिला और इसी आस्था के चलते वह भोले बाबा के लिए नोटों से कांवड़ सजाकर ले जाते हैं। उन्होंने देश की तरक्की की कामना भी की। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की तुलना करते हुए यूपी पुलिस की व्यवस्था की तारीफ की। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते ही पुलिसकर्मी कांवड़ के साथ चल रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर है। वहीं, उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की व्यवस्था को लेकर असंतोष जताया। नोटों से सजी यह कांवड़ फिलहाल सहारनपुर में लोगों के बीच खास चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.