अंकित बालियान हत्याकांड: 22 सेकेंड में 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग, CCTV से सामने आई शूटरों की प्लानिंग
अंकित बालियान हत्याकांड
अंकित बालियान हत्याकांड: हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस की जांच और लगातार सामने आ रहे सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की सुनियोजित प्लानिंग के संकेत मिले हैं। अब तक की जांच के अनुसार, चारों शूटरों को पूरी तैयारी के बाद अंकित बालियान की हत्या के लिए भेजा गया था। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले उस स्थान को चुना, जहां सीसीटीवी कैमरे की निगरानी नहीं थी और वहां जाकर अपने हथियार लोड किए।
CCTV से बचने के लिए प्लॉट में जाकर लोड किए हथियार
शामली के बंतीखेड़ा गांव के मूल निवासी अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े सीसीटीवी फुटेज लगातार सामने आ रहे हैं। आसपास के लोगों और कैमरों से मिली जानकारी के अनुसार, बदमाश नाला पटरी से कनिका मार्केट की ओर आने वाली गली में गए थे। इसी इलाके में एक ऐसा प्लॉट मौजूद था, जहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। जांच में सामने आया है कि शूटरों ने इसी प्लॉट में जाकर अपनी पिस्टल लोड की और फिर वारदात को अंजाम देने के लिए आगे बढ़े।
राखी बेचने वाली महिलाओं को भी हटाया
हथियार लोड करने के बाद बदमाश जिम से करीब 20 मीटर दूर स्थित एक दुकान के पास पहुंचकर रुक गए। उस समय अंकित बालियान की गाड़ी के नजदीक राखी बेचने वाली कुछ महिलाएं भी मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने सड़क पर भीड़ होने का हवाला देकर महिलाओं को वहां से हटा दिया। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों का मकसद केवल अंकित बालियान को निशाना बनाना था।
सिर्फ 22 सेकेंड में 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग
सीसीटीवी वीडियो के अनुसार, चारों शूटरों ने महज 22 सेकेंड के भीतर अंकित बालियान पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमलावरों ने 20 से अधिक राउंड फायरिंग की, जिसमें अंकित को नौ गोलियां लगीं। गोलीबारी इतनी तेजी से हुई कि अंकित को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ललकारने पर लौटे हमलावर, फिर बरसाईं गोलियां
फायरिंग के दौरान नाली में हाथ फंसने और हाथ में गोली लगने से अंकित बालियान के हाथ की हड्डी भी टूट गई थी। बताया जा रहा है कि जब बदमाश वारदात को अंजाम देकर भाग रहे थे, तब अंकित बालियान की ओर से हमलावरों को ललकारने की आवाज भी सुनाई दी। ललकार सुनते ही थोड़ी दूर जाकर भाग रहे हमलावर दोबारा लौटे और अंकित पर फिर से गोलियां दागीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्याकांड की पूरी साजिश की पड़ताल जारी है।
