हरियाणा कैडर की 2012 बैच की IPS अधिकारी स्मिति चौधरी का 48 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वह कुछ समय से बीमार चल रही थीं और इलाज के लिए नासिक में भर्ती थीं, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। स्मिति चौधरी सितंबर 2023 से हरियाणा के अंबाला जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (Anti Corruption Bureau) की पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर तैनात थीं। खराब स्वास्थ्य के कारण वह छुट्टी पर थीं।
परिवार और पृष्ठभूमि
स्मिति चौधरी IAS अधिकारी जयवंती शेओकंद की पुत्री थीं। उनके भाई यशेंद्र सिंह भी हरियाणा में 2011 बैच के IAS अधिकारी हैं। उनके पति राजेश कुमार महाराष्ट्र कैडर के IPS अधिकारी हैं और नासिक में महाराष्ट्र पुलिस अकादमी के निदेशक पद पर कार्यरत हैं। परिवार में उनके दो बच्चे भी हैं।
एक ईमानदार और समर्पित अधिकारी
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि स्मिति चौधरी अपनी ईमानदारी, साहस और सहानुभूति के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने पूरे करियर में न्याय, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति पूरी लगन और समर्पण दिखाया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने कर्तव्यों का बखूबी निर्वाह किया। उनकी कार्यशैली और दृढ़ निश्चय से कई पुलिस अधिकारी प्रेरित होते थे।
यह भी पढ़ें : कोलकाता लॉ कॉलेज गैंगरेप केस: सियासत गरम, TMC पर बीजेपी का बड़ा हमला
पुलिस सेवा में सफर
स्मिति चौधरी ने 2004 में पुलिस विभाग में DSP के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। उन्होंने पंचकुला समेत कई जिलों में DSP और बाद में IPS अधिकारी के रूप में सेवा दी। वे लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक और राज्य सतर्कता ब्यूरो में भी महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहीं। दादरी जिले की पुलिस प्रमुख के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारियां संभाली।
नेता और परिवार का शोक व्यक्त
हिसार के सांसद बृजेंद्र सिंह ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि स्मिति चौधरी का असामयिक निधन उनके परिवार, दोस्तों और पूरे सिविल सेवा समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति है। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने भी कहा कि उनका जाना पुलिस परिवार के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। उन्होंने स्मृति को एक कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार अधिकारी बताया, जिनका काम और व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा।
जन्म और जीवन
स्मिति चौधरी का जन्म 15 अगस्त 1976 को हरियाणा के जींद जिले के डुमरखान कलां गांव में हुआ था। वे 31 अगस्त 2036 को रिटायर होने वाली थीं। उनका निधन हरियाणा पुलिस परिवार और प्रशासनिक जगत के लिए एक दुखद क्षण है।

संबंधित पोस्ट
India AI Impact Summit 2026: UN प्रमुख ने भारत को बताया मेजबानी के लिए उपयुक्त स्थान
Noida में वेलेंटाइन डे पर 15 साल के प्यार का खूनी अंत
Uttar Pradesh में शंकराचार्य विवाद! धर्म और राजनीति का नया टकराव