USA-Iran
USA-Iran: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और पश्चिम एशिया में खराब हालातों का असर अब भारत में भी दिखाई दे रहा है। देश के कई प्रमुख शहरों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई घट गई है। मुंबई, बेंगलुरु, जयपुर और कोलकाता के होटल और रेस्टोरेंट इस कमी से प्रभावित हो रहे हैं। मुंबई के होटल एसोसिएशनों के अनुसार, सप्लाई में 10-20 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। कई रेस्टोरेंट अपने रोज़ाना के ग्राहकों को खाना परोसने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं और अगर स्थिति सुधार नहीं होती है, तो अगले 48 घंटों में कई होटल बंद हो सकते हैं।
USA-Iran: जयपुर और बेंगलुरु में सप्लाई पर रोक और चेतावनी
राजस्थान की तेल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडरों की डिलीवरी पर अघोषित रोक लगा दी है, जिससे जयपुर में 50,000 से ज्यादा होटल-रेस्टोरेंट्स बंद होने की आशंका जताई जा रही है। बेंगलुरु में भी होटल्स एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि 10 मार्च से होटल और रेस्टोरेंट का संचालन प्रभावित हो सकता है। कोलकाता में गैर-घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई रोकने के बाद हॉस्पिटैलिटी और बेकरी कारोबार में चिंता बढ़ गई है। इस कमी का सीधा असर आम लोगों, छात्रों और IT प्रोफेशनल्स पर पड़ सकता है, जो रोजाना होटल पर खाने के लिए निर्भर हैं।
सरकार ने उठाए अहम कदम
जानकारी के लिए बता दे कि USA-Iran युद्ध से उत्पन हुए गैस संकट से निपटने के लिए सरकार ने तेल रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने और घरेलू उपयोग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए 25 दिन का इंटर-बुकिंग नियम लागू किया गया है। आयातित एलपीजी को प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को दिया जा रहा है। वहीं, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य गैर-घरेलू क्षेत्रों की सप्लाई की मांगों की समीक्षा के लिए तेल विपणन कंपनियों के तीन कार्यकारी निदेशकों की एक समिति बनाई गई है, जो इन अनुरोधों का मूल्यांकन करेगी।
