India-Belgium Relations: पीएम मोदी से मिले बेल्जियम के पीएम बार्ट डी वेवर
India-Belgium Relations: भारत और बेल्जियम के रिश्तों को नई दिशा देने के उद्देश्य से बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर इन दिनों भारत दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। करीब दो दशक बाद किसी बेल्जियम प्रधानमंत्री की यह पहली भारत यात्रा है। इससे पहले डी वेवर ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और विजिटर बुक में अपने विचार दर्ज किए। प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा और कनेक्टिविटी जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत-बेल्जियम सहयोग अब पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर रणनीतिक क्षेत्रों तक पहुंच गया है।
India-Belgium Relations: जाने बैठक में किन मुद्दो पर हुई बातचीत
बैठक के दौरान रक्षा सहयोग और स्वच्छ ऊर्जा को खास महत्व दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोरावर टैंक जैसे आधुनिक रक्षा उपकरणों पर दोनों देशों के मिलकर काम करने का उल्लेख किया। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में दुनिया के बड़े ग्रीन अमोनिया प्रोजेक्ट्स में से एक के विकास को भी भारत-बेल्जियम सहयोग का उदाहरण बताया गया। दोनों देशों ने स्टार्टअप, समुद्री क्षेत्र, यूनिवर्सिटी और रिसर्च के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। प्रतिभाओं की आवाजाही को आसान बनाने के लिए Migration and Mobility Partnership Agreement पर भी जल्द हस्ताक्षर होने की बात कही गई। आर्थिक मोर्चे पर भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते और निवेश के लिए फास्ट-ट्रैक मैकेनिज्म का जिक्र हुआ। दोनों देशों ने भारत-बेल्जियम बिजनेस फोरम को नियमित व्यवस्था बनाने और अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है।
जाने पीएम मोदी ने क्या कुछ कहा
पीएम मोदी ने भारत और बेल्जियम के ऐतिहासिक रिश्तों का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान बेल्जियम में भारतीय सैनिकों के साहस और बलिदान को दोनों देशों की साझा विरासत बताया। वहीं बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने भारत को तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था, तकनीकी और भू-राजनीतिक शक्ति बताते हुए कहा कि बेल्जियम भारत के लिए महत्वपूर्ण साझेदार बनता जा रहा है। उन्होंने फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, सेमीकंडक्टर, क्लीन एनर्जी, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में बेल्जियम की विशेषज्ञता का भी जिक्र किया। डी वेवर 4 सितंबर तक भारत दौरे पर रहेंगे। मार्च 2025 में प्रिंसेस एस्ट्रिड के नेतृत्व में आए बेल्जियम आर्थिक मिशन के दौरान 38 समझौते हुए थे। अब मौजूदा दौरे से रक्षा औद्योगिक सहयोग समेत दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद है।
