National Sports Awards 2025
National Sports Awards 2025 की घोषणा मंगलवार को खेल मंत्रालय ने कर दी है। इस बार देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए किसी भी खिलाड़ी का चयन नहीं किया गया है। वहीं, 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए चुना गया है। इसके अलावा एक खिलाड़ी को अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम, तीन कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार और दो प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्कार लाइफटाइम के लिए चुना गया है। इन पुरस्कारों का चयन भारत के सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली समिति की सिफारिशों के आधार पर किया गया है।
इन 17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार
Arjuna Award 2025 के लिए एथलेटिक्स से तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी को चुना गया है। बैडमिंटन से त्रिशा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद, बॉक्सिंग से नरेंद्र और शतरंज से विदित गुजराती व दिव्या देशमुख को सम्मान मिलेगा। हॉकी से लालरेमसियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी से सुरजीत और पूजा का चयन हुआ है। पैरा-शूटिंग से रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलेटिक्स से एकता भ्यान, रोइंग से अरविंद सिंह, शूटिंग से अखिल श्योरण और बधिर शूटिंग से धनुष श्रीकांत को अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा।
आई अरुमनायगम को अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम
Arjuna Award Lifetime 2025 के लिए फुटबॉल से जुड़े आई अरुमनायगम का चयन किया गया है। यह सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने खेल करियर के दौरान योगदान देने के साथ-साथ संन्यास के बाद भी खेलों को बढ़ावा देने में भूमिका निभाई है। वहीं Dronacharya Award 2025 के लिए एथलेटिक्स के परवीर सिंह, बॉक्सिंग के छोटे लाल यादव और शूटिंग की नेहा नंदकुमार चव्हाण को चुना गया है। इन प्रशिक्षकों के योगदान और खिलाड़ियों के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए यह सम्मान दिया जाएगा।
दो कोच को द्रोणाचार्य लाइफटाइम अवॉर्ड
Dronacharya Award Lifetime 2025 के लिए बॉक्सिंग के धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती के वीरेंद्र कुमार का चयन किया गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को दिया जाएगा। यह पुरस्कार खेलों के विकास और प्रोत्साहन में अहम योगदान देने वाली संस्थाओं को प्रदान किया जाता है। राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों का उद्देश्य खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेलों को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं के योगदान को सम्मानित करना है।
इस बार खेल रत्न नहीं मिलने की चर्चा
राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा में इस बार Major Dhyan Chand Khel Ratna Award 2025 के लिए किसी खिलाड़ी का नाम नहीं होने की वजह से यह पुरस्कार सबसे ज्यादा चर्चा में है। खेल रत्न देश का सर्वोच्च खेल सम्मान है, जबकि अर्जुन पुरस्कार खिलाड़ियों के पिछले चार वर्षों के प्रदर्शन, नेतृत्व, खेल भावना और अनुशासन को ध्यान में रखकर दिया जाता है। National Sports Awards 2025 Winners की सूची में कई खेलों के खिलाड़ियों को जगह मिलने से भारतीय खेल जगत के अलग-अलग क्षेत्रों को सम्मान मिला है।