September 8, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

BJP की नई राष्ट्रीय टीम में रूप कुमारी चौधरी को बड़ी जिम्मेदारी, जानें कौन हैं भाजपा महिला मोर्चा की नई अध्यक्ष

BJP

BJP

BJP  ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ की महासमुंद लोकसभा सांसद रूप कुमारी चौधरी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा ने उन्हें महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। जिला पंचायत सदस्य के तौर पर राजनीतिक सफर शुरू करने वाली रूप कुमारी चौधरी विधायक, संसदीय सचिव और सांसद की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। अब राष्ट्रीय महिला मोर्चा की कमान मिलने के बाद उनकी भूमिका देशभर में बढ़ गई है। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में महिलाओं को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।

2005 में शुरू हुआ राजनीतिक सफर

रूप कुमारी चौधरी का जन्म 5 जनवरी 1976 को सरायपाली में हुआ। उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से राजनीति विज्ञान में एमए किया है। उन्होंने साल 2005 में सरायपाली विधानसभा क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य के तौर पर राजनीति में कदम रखा। इसके बाद वह भाजपा महिला मोर्चा में जिला महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। 2013 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें बसना सीट से टिकट दिया, जहां उन्होंने कांग्रेस के देवेंद्र बहादुर सिंह को हराकर पहली बार विधानसभा चुनाव जीता।

विधायक और संसदीय सचिव के बाद लोकसभा तक पहुंचीं

रूप कुमारी चौधरी 2013 से 2018 तक छत्तीसगढ़ विधानसभा की सदस्य रहीं। साल 2015 में उन्हें राज्य सरकार में संसदीय सचिव बनाया गया। विधानसभा का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी वह भाजपा संगठन में सक्रिय रहीं। 2019 में उन्हें भाजपा महासमुंद का जिलाध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें महासमुंद सीट से मैदान में उतारा। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू को 1,45,456 वोटों के अंतर से हराकर संसद में जगह बनाई।

संसद में सक्रियता, अब महिला मोर्चा की कमान

लोकसभा सांसद बनने के बाद रूप कुमारी चौधरी को कोयला, खान और इस्पात संबंधी समिति का सदस्य बनाया गया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, उन्होंने संसद में 18 चर्चाओं में हिस्सा लिया और 159 सवाल पूछे हैं। 2024 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनकी घोषित संपत्ति करीब 5.39 करोड़ रुपये है। अब भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनके सामने देशभर में महिला संगठन को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

महिला सशक्तीकरण पर करेंगी फोकस

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद रूप कुमारी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने महिला सशक्तीकरण, स्वाभिमान, स्वावलंबन और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में 65 राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल हैं, जिनमें 12 महिलाओं को जिम्मेदारी मिली है। अब रूप कुमारी चौधरी की नई भूमिका छत्तीसगढ़ से आगे बढ़कर देशभर में भाजपा महिला मोर्चा को मजबूत करने की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.