September 8, 2026

Abstar News

Latest News, Breaking News & Updates

तुगलकाबाद अग्निकांड में सनसनीखेज खुलासा! CCTV में कैद रहस्यमयी महिला!

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में हुए भीषण अग्निकांड ने अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में एक रहस्यमयी महिला आग लगने से महज दो से तीन मिनट पहले इमारत के भीतर प्रवेश करती दिखाई दी है। फुटेज में महिला कुछ देर बाद इमारत से बाहर निकलती नजर आती है और उसके तुरंत बाद पूरी बिल्डिंग में आग फैल जाती है। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों ने आगजनी की आशंका जताई है। पड़ोसियों का दावा है कि महिला की गतिविधियां बेहद संदिग्ध थीं और उसके बाहर निकलते ही आग भड़क उठी। हालांकि दिल्ली पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी रखी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।

घटना के बाद सामने आए तथ्यों ने इमारत की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि आग लगने के समय इमारत की पांचों मंजिलों के मुख्य दरवाजों पर बाहर से कुंडियां लगी हुई थीं, जिससे अंदर फंसे लोगों के लिए बाहर निकलना लगभग असंभव हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिल्डिंग में केवल एक ही निकास मार्ग था, जो आग और धुएं के कारण पूरी तरह बंद हो गया था। राहत कार्य में शामिल स्थानीय निवासी रेनू भूटानी और उनके बेटे मानव भूटानी ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो पूरी इमारत धुएं से घिरी हुई थी। मुख्य रास्ता बंद होने के कारण लोगों ने पीछे से छत तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वहां भी गेट बंद मिला। बाद में क्षतिग्रस्त लोहे के गेट को तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचा गया और बचाव अभियान शुरू किया गया।

आग लगने के कारणों को लेकर भी अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। कुछ स्थानीय लोगों का मानना है कि ग्राउंड फ्लोर पर खड़े इलेक्ट्रिक स्कूटर की चार्जिंग के दौरान स्पार्किंग से आग लगी, जबकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना गया है। इस दर्दनाक हादसे में पंकज (28), उनकी नानी सुशीला देवी (70) और बहन सोनी (20) की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गुड्डी देवी और बहन मोनी गंभीर रूप से घायल हैं। दमकल और पुलिस की संयुक्त टीम ने आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। अब रहस्यमयी महिला, बंद दरवाजों और आग लगने के वास्तविक कारणों को लेकर जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.